रतलाम। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर बुधवार को रतलाम शहर में निकाले जा रहे विशाल जुलूस के दौरान उस समय मातम छा गया, जब सीरत कमेटी के सदर एवं पार्षद नासिर कुरैशी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनका इंतकाल हो गया। जुलूस में शामिल लोगों के बीच अचानक हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। नासिर कुरैशी के निधन की खबर शहर में तेजी से फैलते ही उनके समर्थकों, परिचितों और समाजजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सीरत कमेटी के तत्वावधान में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार सुबह कुरैशी मंडी आबकारी रोड से विशाल जुलूस निकाला गया था। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित शहरवासियों ने पार्षद नासिर कुरैशी एवं सीरत कमेटी के अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया।
जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ पैलेस रोड से महलवाड़ा की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच पार्षद नासिर कुरैशी अन्य समाजसेवियों के साथ पैदल चल रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नासिर कुरैशी के अचानक निधन की खबर मिलते ही जुलूस और क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया। उनके समर्थक और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल एवं उनके वार्ड क्षेत्र में पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरे शहर में उनके निधन की चर्चा फैल गई।
पार्षद नासिर कुरैशी के निधन से उनके वार्ड सहित मुस्लिम समाज और शहर के सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। बताया गया कि उनके इंतकाल की खबर के बाद क्षेत्र में आयोजित ईद मिलादुन्नबी से जुड़े कई कार्यक्रम भी निरस्त कर दिए गए। अचानक हुई इस दुखद घटना ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत