रतलाम/कालूखेड़ा। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालूखेड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की हुंडई क्रेटा कार से 2 किलो 495 ग्राम अवैध MD ड्रग्स बरामद की है। बरामद MD ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 करोड़, जबकि तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार की कीमत करीब ₹20 लाख बताई गई है। पुलिस के अनुसार कुल करीब ₹2.70 करोड़ का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त 2026 को चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी सहित चार लोग बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पंचों और पुलिस बल के साथ रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक कार को तेज रफ्तार से रियावन की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंच गए।
उबड़-खाबड़ रास्ते का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में कार छोड़ दी और अंधेरे का लाभ उठाकर झाड़ियों की ओर भाग निकले। पुलिस ने खेतों और झाड़ियों में सघन सर्चिंग की, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे।
इसके बाद पंचों की मौजूदगी में क्रेटा कार की तलाशी ली गई। ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग की कपड़े की थैली मिली, जिसमें तीन पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट रखे थे। इनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा/क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। नियमानुसार जांच के बाद पदार्थ MD ड्रग्स पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स निकली।
पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत अलग-अलग पैक कर सीलबंद करते हुए जब्त किया। मामले में लखन मीणा, क्रेटा चालक तथा दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और सर्चिंग की जा रही है।
जब्त मशरूका: 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स — करीब ₹2.50 करोड़, हुंडई क्रेटा कार — करीब ₹20 लाख। कुल अनुमानित कीमत ₹2.70 करोड़।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत