रावटी/तंबोलिया। सावन माह के पावन अवसर पर तंबोलिया से नरसिंह जी गुफा तक 22 किलोमीटर लंबी भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कमल पोरवाल मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कावड़ यात्रा के दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।
श्रद्धालु अपने कंधों पर कावड़ लेकर जल के साथ नरसिंह जी गुफा के लिए रवाना हुए। यात्रा में युवाओं के साथ ग्रामीणजन और शिवभक्त भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। लंबी दूरी की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
आयोजन में हर्षवर्धन सिंह राठौर, हरिओम पोरवाल, महेश पोरवाल, उप सरपंच ललित पोरवाल, विजय पोरवाल, राजू भाभर, राकेश मईडा, लच्छमन भाभर, गोपाल मईडा एवं मोतीलाल डामर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणजनों की सक्रिय सहभागिता रही।
आयोजकों ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना और धार्मिक आस्था को समर्पित इस कावड़ यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भक्ति और सेवा से जोड़ना है। 22 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर श्रद्धालु नरसिंह जी गुफा पहुंचे, जहां विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। यात्रा के सफल आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत