रतलाम। रतलाम के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में तेजी से विकसित हो रहे मेगा इंडस्ट्रियल पार्क में अब आधुनिक तकनीक और बड़े निवेश की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी है। बुधवार को कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मेगा इंडस्ट्रियल पार्क का भ्रमण कर जापान और चीन से आई अत्याधुनिक रोबोटिक मशीनों का जायजा लिया। उन्होंने मशीनों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और औद्योगिक उत्पादन में उनकी भूमिका की विस्तार से जानकारी ली।
लगभग 1,466.679 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे मेगा इंडस्ट्रियल पार्क एवं स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियों और अधोसंरचना विकास ने गति पकड़ ली है। भ्रमण के दौरान मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ भी मौजूद रहे।
मेगा इंडस्ट्रियल पार्क जामथून, बिबड़ौद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया और सरवानी खुर्द सहित छह ग्रामों में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बड़े निवेश को आकर्षित करने के साथ नए उद्योगों को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फुजियामा सोलर प्लांट का निरीक्षण कर उत्पादन और रोजगार की स्थिति जानी। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि यहां करीब 80 प्रतिशत रोजगार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की पहल की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने LNJ Green PET के निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, प्रस्तावित उत्पादन और संचालन की तैयारियों की जानकारी ली। ग्राम पलसोड़ी में भी उन्होंने अधोसंरचना विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। आधुनिक तकनीक, बड़े निवेश और स्थानीय रोजगार के मेल से यह परियोजना रतलाम को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की मजबूत संभावनाएं रखती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत