रतलाम। शहर रविवार को गौभक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में पूरी तरह रंग गया। संत रविदास चौराहा स्थित अमर वाटिका में आयोजित सात दिवसीय श्री गौ माता कथा एवं चमत्कारी दिव्य दरबार का शुभारंभ भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निकली इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़ों की गूंज, गौ माता का सुसज्जित दिव्य रथ और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कलश यात्रा बड़ा गोपाल जी मंदिर से प्रारंभ हुई, जहां मंदिर समिति की ओर से महेश व्यास ने पूज्य गौ क्रांतिकारी संत स्वामी श्री गौशरणानंद सरस्वती जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम के संत श्री देवस्वरूपानंद जी महाराज तथा पंडित महर्षि शिवशंकर दवे का स्वागत किया। संतगण बग्गी में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़े। पूरे यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर संतों और कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुईं।
अमर वाटिका पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पोथी पूजन एवं गौ माता की आरती संपन्न हुई। इसके बाद स्वामी गौशरणानंद सरस्वती जी महाराज ने गौ कथा का अमृतमय प्रवचन करते हुए गौ सेवा और गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया तथा प्रत्येक परिवार से गौ सेवा को जीवन का संकल्प बनाने का आह्वान किया। कथा के पश्चात आयोजित चमत्कारी दिव्य दरबार में संत श्री ने पर्ची खोलकर अनेक श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान कर उन्हें आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर अशोक देवड़ा, राधेश्याम बोदलिया, सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष अनिल झालानी, जनक नागल, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित, पार्षद आयुषी जलज सांखला, पूर्व पार्षद वंदना पुरोहित, प्रेमलता देवड़ा, गोपाल सोलंकी, प्रकाश परमार, राजेश कटारिया, कन्हैया पटेल, तुलसी पटेल, निखिल पटेल, नेहा पटेल, हेमंत शर्मा, भारती यादव, नंदकिशोर सांखला, मदनलाल लाखा, हिम्मत मोयल, राहुल सरवन, ललित गोस्वामी, शकुंतला शर्मा, सरोज शिवाल, शकुंतला शिवाल, रामकुमार जोशी सहित जांगिड़ ब्राह्मण समाज की प्रांतीय पदाधिकारी संगीता आसदेवा, मीना भाखरौदा, खुशी भाखरौदा, माया शर्मा, धीरज पांड्या, तारा सांखला, सीमा सांखला एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल पुरोहित ने किया। सात दिवसीय गौ माता कथा के आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत