रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। इन नियुक्तियों में रतलाम जिले की कमान सैलाना के युवा नेता अनुकूल सोनी को जिला अध्यक्ष तथा कृष्ण डिंडोर को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है।
अनुकूल सोनी के जिला अध्यक्ष बनने से रतलाम जिले के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं कृष्ण डिंडोर को जिला महामंत्री बनाए जाने पर भी कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। दोनों नेताओं को सोशल मीडिया एवं व्यक्तिगत रूप से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इनके नेतृत्व में भाजयुमो रतलाम संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान गति पकड़ेगा।
प्रदेश स्तर पर जारी सूची में अन्य जिलों के लिए भी नियुक्तियां की गई हैं। सागर ग्रामीण से आयुष पाण्डेय, हरदा से धर्मेन्द्र पाल, सीधी से अजय गुप्ता, टीकमगढ़ से संकल्प जैन, खरगोन से अंकुश जायसवाल, जबलपुर ग्रामीण से पंकज तिवारी, बैतूल से विक्रम वैद्य, झाबुआ से प्रकाश परमार, ग्वालियर नगर से शिवम राजावत (जिला अध्यक्ष) एवं गौरव मिश्रा (जिला महामंत्री), रतलाम से अनुकूल सोनी (जिला अध्यक्ष) एवं कृष्ण डिंडोर (जिला महामंत्री), बड़वानी से निशांत पंवार (जिला अध्यक्ष) एवं शिवम मिश्रा (जिला महामंत्री), शहडोल से प्रियभ त्रिपाठी (जिला अध्यक्ष) एवं नितिन राणा (जिला महामंत्री), सीहोर से महेन्द्र ठाकुर (जिला अध्यक्ष) एवं हर्षित मेवाड़ा (जिला महामंत्री), खण्डवा से सागर अरलानी (जिला अध्यक्ष) एवं शुभम पटेल (जिला महामंत्री) तथा उज्जैन नगर से नितिन सेन को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रदेश नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपेक्षा व्यक्त की है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत