रतलाम। गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से रतलाम में 20 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली भव्य गो कथा एवं गो दिव्य दरबार अब केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। अभियान के संयोजकों ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन की संरक्षक साक्षात माँ गौमाता तथा अध्यक्ष नंदी महाराज हैं। अभियान का प्रमुख उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना तथा गौवंश हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।
आयोजकों के अनुसार कथा स्थल पर श्रद्धालुओं से व्यापक जनसंपर्क करते हुए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से नागरिकों का समर्थन प्राप्त कर केंद्र सरकार तक गौ संरक्षण की मांग पहुंचाई जाएगी। यह आंदोलन चरणबद्ध रूप से पूरे देश में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत 27 जुलाई को पूरे भारत के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थनापत्र सौंपे जाएंगे। रतलाम जिले में इसके लिए अमर वाटिका, संत रविदास चौक, करमदी रोड को एकत्रीकरण स्थल निर्धारित किया गया है। यहां 27 जुलाई को प्रातः 9 बजे समस्त हिंदू समाज, गौभक्तों, संत-महात्माओं एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि एकत्र होंगे, जहां से गौ सम्मान एवं गौरक्षा के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
गौ सम्मान आह्वान अभियान समिति ने बताया कि 27 जुलाई को गौ सम्मान दिवस के अवसर पर दोपहर 1 बजे तक व्यापार एवं व्यवसाय स्वेच्छा से बंद रखने का आह्वान किया गया है। समिति का कहना है कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और पर्यावरण से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत