रतलाम। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार की दिशा में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम में आगामी 1 अगस्त को विशाल जीवनधारा शिविर आयोजित होगा जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए आवश्यक HLA टाइपिंग जैसी महत्वपूर्ण जांच निःशुल्क की जाएगी। शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मेडिकल कॉलेज सभागार में डीन डॉ. अनीता मुथा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन NHM भोपाल की स्टेट हेल्थ मिशन डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रूबी खान ऑनलाइन जुड़ीं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की इस पहल की सराहना करते हुए हरसंभव तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह शिविर थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि मेदांता फाउंडेशन के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं डायग्नोस्टिक टीम बच्चों और उनके माता-पिता के रक्त के नमूनों की निःशुल्क HLA टाइपिंग करेगी जिससे भविष्य में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया आसान हो सकेगी। मरीजों की सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज की मुख्य बिल्डिंग के प्रथम तल पर पंजीयन चिकित्सकीय परामर्श ब्लड सैंपल कलेक्शन और प्रतीक्षा कक्ष की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में थैलेसीमिया मुक्त मध्यप्रदेश जनजागरण समिति के मार्गदर्शक एवं काकाणी सोशल फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी रेडक्रॉस अध्यक्ष प्रीतेश गादिया सेवा भारती अध्यक्ष अनुज छाजेड़ सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह डॉ. के.एस. लिखार डॉ. महेश तलेले डॉ. ध्रुवेंद्र पांडे डॉ. देवेंद्र नरगावे डॉ. सारिका रावत जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रमोद प्रजापति डॉ. मयंक जोशी सहित अनेक चिकित्सक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
डीन डॉ. अनीता मुथा ने सभी थैलेसीमिया पीड़ित परिवारों से अपील की कि वे 1 अगस्त को समय पर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर इस निःशुल्क शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं। यह शिविर उपचार ही नहीं बल्कि थैलेसीमिया मुक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत