रतलाम/सरवन। सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीकला निवासी 20 वर्षीय प्रेम सिंह पिता प्रभू निनामा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मृतक के परिजन और ग्रामीण अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामने आए हैं। शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और शेष आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि 14 जून 2026 की रात के बाद 15 जून की सुबह प्रेम सिंह का शव जंगल में एक सागौन के पेड़ पर उसकी शर्ट के सहारे फंदे से लटका मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बाद में जांच के दौरान छगन पिता गोतमा निनामा और मदन पिता बलजी निनामा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर सैलाना जेल भेज दिया गया।
अब मृतक के पिता प्रभू निनामा ने 18 जुलाई को पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि हत्या की साजिश और घटना में राहुल, गणेश डोडियार, सुन्दरीबाई और टीना सहित अन्य लोगों की भी भूमिका रही है। आवेदन में कहा गया है कि हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले कुछ लोग प्रेम सिंह को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे तथा पूर्व में भी उसे धमकियां दी गई थीं। इन सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के दौरान बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी शंकर निनामा ने ज्ञापन का वाचन किया। मृतक के पिता प्रभू निनामा, माता सीताबाई सहित परिजनों ने पुलिस से भावुक अपील करते हुए कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाए। इस दौरान दिनेश निनामा, कपिल निनामा, कमल निनामा, शांतिलाल, लक्ष्मण निनामा, शंभूलाल, राहुल, पंकज, सुरताबाई, शारदाबाई, सीमा, सोहनीबाई, दुर्गाबाई सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि मामले में मेडिकल रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा आवेदन में जिन अन्य लोगों के नाम दिए गए हैं, उनके संबंध में भी बारीकी से पूछताछ और जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम सिंह हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लोगों की निगाहें अब पुलिस जांच पर टिकी हैं। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि मृतक को न्याय मिल सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत