रतलाम। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और धार्मिक एकता का संदेश देती पूज्य पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानन्द जी महाराज के सान्निध्य में निकली भव्य सनातन धर्म शोभायात्रा का शहर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इसी क्रम में खटीक समाज की पंजीकृत संस्था मालवा महाराजा खटवांग पूर्ण्यार्थ सेवा समिति द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की गई तथा पूज्य गुरुदेव का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर समाजजनों ने स्वामी विशोकानन्द जी महाराज का माल्यार्पण कर सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं सामाजिक समरसता के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण जयघोषों एवं धर्ममय नारों से गूंज उठा।
स्वागत समारोह में रतलाम खटीक समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष पन्नालाल पहाड़िया, मालवा महाराजा खटवांग पूर्ण्यार्थ सेवा समिति इंदौर-उज्जैन संभाग अध्यक्ष संजय सोलंकी, समिति सचिव जगदीश सुयल, रमेश नागोर, लक्ष्मीनारायण सुयल, निखिल बोरीवाल, पंकज बागड़ी, हरिकिशन बोरीवाल, ओमप्रकाश बोरीवाल तथा गोलू सोलंकी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। समाज सदैव धर्म, सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पूज्य गुरुदेव का स्वागत किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक वातावरण से ओतप्रोत इस आयोजन ने नगरवासियों के बीच सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायी संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत