रतलाम। युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित संस्था युवाम अपने स्थापना के स्वर्णिम 50वें वर्ष को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने जा रही है। इस अवसर पर तीन दिवसीय विशेष आयोजन, युवाम के इतिहास पर पुस्तक का प्रकाशन, डॉक्यूमेंट्री तथा फीचर फिल्म निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह घोषणा युवाम श्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरलीधर आवतानी ने उनके जन्मदिवस पर आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में की।
होटल जलसारा गार्डन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद युवाम परिवार के सदस्यों, शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मुरलीधर आवतानी का शाल, श्रीफल और माल्यार्पण कर आत्मीय सम्मान किया।
युवाम के संस्थापक संचालक पारस सकलेचा ने कहा कि युवाम श्री संघ ने संस्था के 50 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। युवाम से शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़े युवाओं ने देश के 200 से अधिक शहरों में निःशुल्क कक्षाएं संचालित कर युवा सृजन और राष्ट्र निर्माण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में करियर शुरू करने वाले मुरलीधर आवतानी ने संघर्ष, मेहनत और संकल्प के बल पर उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल कायम की है।
युवाम की शुरुआती यात्रा में टाइपिंग और साइक्लोस्टाइल जैसे सीमित संसाधनों के बावजूद संस्था की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है।
समारोह में अयंक दुबे ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी, जबकि प्रसिद्ध शायर अब्दुल सलाम खोकर ने अपनी रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध किया। धर्मेंद्र मंडवारिया ने मुरली भैया की पसंद के गीत प्रस्तुत किए तथा कमल सोलंकी ने महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित ओजस्वी गीत गाकर समारोह में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद खुशालसिंह पुरोहित, समाजसेवी सुभाष जैन, नीलू अग्रवाल, पियूष बाफना, पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान, रूपेश नागोरी, डॉ. अजय चत्तर, प्रकाश लुणावत, गौरीशंकर शर्मा, अजीत जैन, अविनाश व्यास, रूपेश बरबेटा, शिवम राठौड़, सुमित पोरवाल, शंकर गिरी, राजू ठेकेदार, अर्जुन पंवार, विकास पोरवाल, अश्विन उपाध्याय, मोहित चौहान, श्रेयांश सकलेचा, निखिल गांधी, आदित्य मंडवारिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
युवाम के स्वर्ण जयंती वर्ष को लेकर संगठन में जबरदस्त उत्साह है। संस्था ने इसे केवल उत्सव नहीं बल्कि युवा शक्ति, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के 50 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से युवाम की उपलब्धियों, संघर्ष और समाज सेवा के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत