रतलाम /सैलाना । अध्यापक संयुक्त मोर्चा सैलाना के बैनर तले क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी वर्षों से लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर एकजुट होकर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम सैलाना एसडीएम एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील जायसवाल को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित होने के कारण हजारों शिक्षक आर्थिक तथा सेवागत कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आदेश जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में शिक्षकों ने प्रदेश में टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि इस विषय पर राज्य सरकार भारत सरकार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रस्ताव भेजकर आवश्यक संवैधानिक संशोधन की पहल करे ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों के हितों का संरक्षण आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
शिक्षकों ने कहा कि संविलियन के बाद नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता नहीं मिलने के कारण अनेक शिक्षक पदोन्नति वेतनमान तथा अन्य सेवा लाभों से वंचित हैं जिससे उन्हें लगातार आर्थिक और सेवागत नुकसान उठाना पड़ रहा है। सभी शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ प्रदान किया जाना चाहिए।
अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग दोहराते हुए कहा कि वर्तमान अंशदायी पेंशन योजना कर्मचारियों के भविष्य के लिए पर्याप्त सुरक्षित नहीं है। सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन के लिए पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल किया जाना आवश्यक है। शिक्षकों ने यह भी कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था व्यवहारिक नहीं है और कई क्षेत्रों में तकनीकी समस्याओं के कारण शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस व्यवस्था को समाप्त कर पूर्व की ऑफलाइन व्यवस्था लागू की जाए अथवा व्यवहारिक संशोधन किए जाएं।
इस अवसर पर ज्ञापन कार्यक्रम में डॉ. अंजुम खान ने ज्ञापन का वाचन किया जबकि निर्मल सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. मुनींद्र दुबे पिंकी यादव मुस्तकीम सिद्दीकी रईस खान रमेश मईड़ा प्रभु मईड़ा ललिता बैरागी अंजना पांचाल जयश्री नीतू चंडालिया शबनम खान संतोष कुमावत अनीता सिसोदिया आशा शर्मा दिनेश जिंगर राजेंद्र सिंह पारगी डॉ. रविंद्र उपाध्याय राजेश अवस्थी अशोक कुमार नरेंद्र जाट ललित पांचाल आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। इसके अलावा अध्यापक संयुक्त मोर्चा सैलाना के अनेक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में शिक्षकों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए शासन से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
ज्ञापन की प्रतिलिपि महामहिम राज्यपाल मध्यप्रदेश शासन माननीय शिक्षा मंत्री प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग तथा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को भी प्रेषित की गई है। अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि शिक्षकों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी जिससे प्रदेश के हजारों शिक्षकों को राहत मिल सकेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत