रतलाम / सैलाना। बदलते पर्यावरणीय हालात और प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए सैलाना के पिपलोदा रोड स्थित संस्कार वैली स्कूल ने एक प्रेरणादायी और अनुकरणीय पहल की शुरुआत की है। विद्यालय ने बच्चों के जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए उसे पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संकल्प लिया है। इस पहल की शुरुआत कक्षा 5वीं के छात्र कबीर खान के जन्मदिन से की गई।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कबीर खान के जन्मदिन पर पारंपरिक केक काटने जैसी पाश्चात्य परंपरा के स्थान पर उनके पिता समीर खान द्वारा कटहल का पौधा रोपित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया तथा बच्चों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य असलम खान पठान ने कहा कि आज के समय में पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक परिवार और प्रत्येक विद्यालय इस तरह की पहल करे तो हर वर्ष हजारों नए पौधे लगाए जा सकते हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
प्राचार्य असलम खान पठान ने बताया कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि अब इसे विद्यालय की स्थायी परंपरा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कार वैली स्कूल में अब प्रत्येक छात्र-छात्रा के जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लगाया जाएगा, ताकि बच्चे बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित कर सकें।
संस्कार वैली स्कूल की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायी संदेश है कि जन्मदिन का सबसे सुंदर उपहार प्रकृति को समर्पित एक पौधा भी हो सकता है। विद्यालय की इस सोच की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है और लोग इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक एवं अनुकरणीय कदम मान रहे हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत