बाजना। विकासखंड बाजना में सोमवार को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशों के अनुरूप साक्षरता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने सभी संकुल प्राचार्यों जनशिक्षकों संकुल समन्वयकों तथा संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन के आदेशानुसार विकासखंड के प्रत्येक गांव में 100 प्रतिशत सर्वे सुनिश्चित किया जाए। सर्वे कार्य जनगणना के मकान नंबर के आधार पर किया जाएगा तथा प्रत्येक जानकारी का समय पर ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न पाए।
बैठक में सामाजिक चेतना केंद्रों के व्यवस्थित संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी सामाजिक चेतना केंद्र नियमित रूप से संचालित हों तथा वहां आवश्यक अभिलेख पूर्ण और अद्यतन रखे जाएं। सर्वे से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रूप से तैयार कर अवलोकनकर्ता को उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में बीआरसी उपेंद्र राठौर बीईओ भंवरलाल देवड़ा ब्लॉक समन्वयक तथा समस्त बीएसी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने क्षेत्रीय कर्मचारियों को अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बीआरसी उपेंद्र राठौर ने सख्त शब्दों में कहा कि विकासखंड का कोई भी गांव सर्वे से नहीं छूटना चाहिए। प्रत्येक गांव प्रत्येक परिवार और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच बनाकर सर्वे कार्य समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे कार्य में लापरवाही या अधूरे रिकॉर्ड स्वीकार नहीं किए जाएंगे और सभी दस्तावेज पूर्ण रूप से तैयार रखे जाएं।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया तथा कहा कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक निरक्षर व्यक्ति को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा ताकि शासन की मंशा के अनुरूप शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत