भोपाल /सैलाना
सैलाना विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल सामने आई है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय नेता नारायण मईड़ा ने भोपाल में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट से मुलाकात कर करीब 500 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी देने की मांग रखी।
मिंटो हॉल में हुई इस भेंट के दौरान मईड़ा ने सैलाना क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित नटवरपुरा सिंचाई परियोजना और मांडलिया घाट सिंचाई परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन योजनाओं की प्रतीक्षा की जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही मईड़ा ने नए सिंचाई तालाबों के निर्माण के लिए व्यापक सर्वे कराने और योजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि सैलाना का बड़ा हिस्सा आज भी वर्षा आधारित खेती पर निर्भर है, जिससे किसानों को हर साल अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि ये परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरती हैं, तो क्षेत्र में कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
मंत्री तुलसी सिलावट ने मांग पत्र पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तावित योजनाओं की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान सैलाना क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर इस पहल को किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Reporter Jitendra Kumawat