रतलाम
रतलाम जिले के शिवगढ़ बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार रात एक अनोखी और चर्चित घटना सामने आई, जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा (केशू निनामा) ने क्षेत्रवासियों की शिकायतों को लेकर सरकारी लाइसेंसी शराब दुकान पर ताला लगा दिया। इस कार्रवाई को कई लोग जनप्रतिनिधि द्वारा जनता के हित में उठाया गया साहसिक कदम मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे निनामा अपने समर्थकों के साथ शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने दुकान के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कर्मचारियों से पूछा कि यदि यहां कोई चोरी या अपराध कर भाग जाए तो बिना रिकॉर्ड के ऐसे व्यक्ति को कैसे पकड़ा जाएगा।
निनामा ने यह भी आपत्ति जताई कि दुकान पर तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, बिहार और विदिशा के कर्मचारी काम कर रहे हैं, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब यह उनके क्षेत्र की दुकान है तो यहां स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
जिपं उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह शराब दुकान रिहायशी इलाके के बीच स्थित है, जहां आसपास कई परिवार रहते हैं। दुकान पर आने वाले लोग कई बार गाली-गलौज और विवाद करते हैं, जिससे क्षेत्र की महिलाओं और परिवारों को परेशानी होती है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा,
यह मेरे क्षेत्र का मामला है। यहां के लोगों ने मुझे वोट देकर जनप्रतिनिधि बनाया है। मैं अपने क्षेत्र में ऐसी गंदगी और विवाद नहीं होने दूंगा।
विरोध स्वरूप निनामा ने दुकान का शटर गिरवाकर अपने पैसे से खरीदे गए दो ताले लगाकर दुकान बंद कर दी और कहा कि यदि प्रशासन चाहे तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सकता है, लेकिन वे जनता के हित में पीछे नहीं हटेंगे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आबकारी विभाग को मामला भेजने का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शराब दुकानों के स्थान, स्थानीय रोजगार और जनसुरक्षा को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई
क्राइम रिपोर्टर - जितेंद्र कुमावत