बेडदा/सैलाना
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सैलाना के अंतर्गत बेडदा सेक्टर की नवांकुर संस्था सांवरिया शिक्षण समिति द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेक्टर की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा, वरिष्ठ नागरिक कमजी निनामा एवं संस्था अध्यक्ष दिग्विजय सिंह राठौर द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। स्वागत भाषण नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि मांगीलाल मईडा ने दिया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने अपना परिचय देते हुए समिति में अपनी भूमिका और जन अभियान परिषद के प्रति अपने विचार साझा किए।
ब्लॉक समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा ने प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रस्फुटन समितियों का मुख्य उद्देश्य शासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करना है। उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, जैविक खेती और स्वच्छता जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्था अध्यक्ष दिग्विजय सिंह राठौर ने परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया। वहीं पूर्व मेंटर विक्रम शर्मा ने बोरी बंधान, जल संचय एवं “एक पौधा मां के नाम” जैसे अभियानों की सफलता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में टोरी, पाटडी, जामुडिया एवं बेडदा सहित विभिन्न गांवों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत