|
मंदसौर : घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए द्वारका इंडेन गैस एजेंसी को सील कर दिया। संयुक्त जांच दल की छापेमारी के दौरान एजेंसी का कर्मचारी सिलेंडर दोगुनी कीमत पर बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। जांच के दौरान एजेंसी संचालक से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एजेंसी को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी शुभम पाटीदार, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत, तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी नारायणसिंह चन्द्रावत एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खडिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि बिना बुकिंग या अधिक कीमत पर सिलेंडर न खरीदें। साथ ही गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या दुरुपयोग की सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। |