|
मनासा। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश में आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के मार्गदर्शन में नीमच जिले के शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय मनासा के स्वयंसेवकों ने सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। यह प्रशिक्षण शिविर चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान उद्यमिता परिसर, तहसील मझगवां, जिला सतना में 8 मार्च से 14 मार्च तक आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित स्वयंसेवकों ने भाग लेकर नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। महाविद्यालय मनासा से स्वयंसेवक शिल्पा सेठिया, मनीषा मीणा और कुलदीप कारपेंटर का चयन इस राज्य स्तरीय शिविर के लिए किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को नेतृत्व क्षमता विकास, व्यक्तित्व निर्माण, टीमवर्क, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही समूह चर्चा, विभिन्न गतिविधियों और प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर बारीवाल ने चयनित स्वयंसेवकों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ समाज सेवा की भावना को भी सुदृढ़ बनाते हैं। महाविद्यालय परिवार ने चयनित स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे शिविर से प्राप्त अनुभवों का उपयोग समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में करेंगे। |