|
नीमच। प्रत्येक आपराधिक प्रकरण के अनुसंधान के दौरान साक्ष्य एकत्र करते समय पुलिस अधिकारियों को विशेष सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही अभियोजन अधिकारियों का भी दायित्व है कि वे समय-समय पर पुलिस अधिकारियों को उचित मार्गदर्शन देते रहें, ताकि अनुसंधान में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और प्रकरण न्यायालय में मजबूत रूप से प्रस्तुत हो सके। यह बात विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम श्रीमती रश्मि मिश्रा ने अभियोजन अधिकारियों की दक्षता संवर्धन हेतु आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में कही। जिला अभियोजन संचालनालय नीमच के मीडिया प्रभारी श्री रितेश कुमार सोमपुरा ने बताया कि अभियोजन अधिकारियों की कार्यक्षमता और ज्ञान संवर्धन के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर प्रत्येक जिला मुख्यालय पर कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश अभियोजन संचालनालय के संचालक श्री बी.एल. प्रजापति के निर्देशन तथा प्रभारी संयुक्त संचालक श्री रामेश्वर कुमरे के मार्गदर्शन में नीमच जिले के अभियोजन अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला रविवार 15 मार्च को जिला मुख्यालय स्थित होटल श्रेष्ठा पैराडाइज में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसौदिया उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक निदेशक अभियोजन श्री जगदीश चौहान ने की। इस अवसर पर जिले के समस्त अभियोजन अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सिसौदिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का नियमित आयोजन आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से जहां एक ओर अपनी कमियों को सुधारने का अवसर मिलता है, वहीं दूसरी ओर व्यावसायिक ज्ञान में भी वृद्धि होती है, जिससे कार्य की गुणवत्ता बेहतर होती है। कार्यशाला का मुख्य विषय पॉक्सो अधिनियम तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में व्यावसायिक दक्षता बढ़ाना रहा। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम श्रीमती रश्मि मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी और महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध अपराधों के अनुसंधान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। व्याख्यान के बाद प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत भाषण अभियोजन अधिकारी श्री विवेक सोमानी ने दिया। कार्यक्रम का संचालन अभियोजन अधिकारी श्री पारस मित्तल ने किया तथा आभार प्रदर्शन अभियोजन अधिकारी श्री अजय वर्मा ने किया। कार्यक्रम में जिले के अभियोजन अधिकारी श्री सुखराम गरवाल, श्री विपिन मण्डलोई, श्रीमती कीर्ति शर्मा, श्री अरविंद थापक, श्री राजेन्द्र नायक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक तथा अभियोजन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। |