|
नीमच। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल द्वारा एक अनूठी पहल शुरू की गई है। जीवन रक्षा की सौगात सुरक्षा की दृष्टि से थीम के तहत जिला युवा प्रेस क्लब नीमच के होली मिलन समारोह में पत्रकारों को जनसहयोग से 40 हेलमेट निशुल्क वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में कुल 56,669 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 14,791 लोगों की मृत्यु हुई। इनमें से 6,541 लोगों की मौत हेलमेट नहीं पहनने और 1,929 लोगों की मौत सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण हुई। वहीं नीमच जिले में वर्ष 2024 के दौरान 368 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 120 लोगों की जान गई। इनमें सबसे अधिक मृत्यु दोपहिया वाहन चालकों की रही। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर एवं उनकी टीम को निर्देशित किया है कि चालानी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया जा सके और जनहानि को कम किया जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जायसवाल ने कहा कि प्रेस एक ऐसा प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए कोई भी संदेश समाज तक तेजी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि पारिवारिक या सामाजिक कार्यक्रमों में अतिथियों को उपहार के रूप में हेलमेट देने की परंपरा शुरू करें, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षा के प्रति जागरूक हों और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सके। अपील: यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। आपका सहयोग ही हमारा प्रयास है। |