|
नीमच। जिले में रंगतेरस के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले के पुलिस थाना नीमच सिटी, बघाना, मनासा, कुकड़ेश्वर, जावद, रतनगढ़ और सिंगोली क्षेत्रों में 17 मार्च 2026 को रंगतेरस का पर्व मनाया जाएगा, जिसके दौरान विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक गैर भी निकाली जाएगी। कानून व्यवस्था को बनाए रखने और जिले में शांति व साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की ब्रीफिंग, फ्लैग मार्च तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही रंगतेरस की गैर के दौरान ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। इसी क्रम में सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। 16 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में जावद में फ्लैग मार्च निकाला गया और आमजन से रंगतेरस का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। जावद क्षेत्र में रंगतेरस को लेकर एसडीओपी रोहित राठौर ने गैर आयोजकों की बैठक लेकर उन्हें शांति और अनुशासन के साथ त्योहार मनाने की समझाइश दी। इसी प्रकार नीमच केंट और नीमच सिटी क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान तथा मनासा क्षेत्र में प्रभारी एसडीओपी निकिता सिंह के नेतृत्व में भी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया गया। |