|
नीमच । प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सोमवार को सब जेल जावद में आध्यात्मिक शिविर एवं राखी मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव, नैतिक मूल्यों, शांति और सद्भाव के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, श्रुति दीदी, मेघना दीदी, योगिता दीदी एवं समता दीदी ने आध्यात्मिक प्रवचन दिए। उन्होंने बंदियों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में बुराइयों का त्याग कर सद्भाव, प्रेम और शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान जिन बंदियों को राखी बांधने वाला कोई नहीं था, उन्हें ब्रह्माकुमारी बहनों ने पवित्र राखी बांधी। उन्होंने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए भाईचारे, प्रेम और आत्मिक संबंधों की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी बंदियों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा बंदियों को पांच प्रतिज्ञाएं भी दिलाई गईं। इनमें बुराइयों का त्याग करने, नशे से दूर रहने, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन जीने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प शामिल रहा। कार्यक्रम ने बंदियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहित किया। |