|
|
महिलाओं की आजीविका गतिविधियों का किया अवलोकन, समस्याएं सुनीं और समाधान का दिया भरोसा आगर मालवा । जिला कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को विकासखंड के ग्राम भ्याना पहुंचकर आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर आत्मीय चर्चा की और उनके कार्यों, उपलब्धियों तथा समस्याओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान समूह की महिलाओं ने चूड़ी निर्माण, टेराकोटा उत्पाद निर्माण, किराना दुकान, कॉमन सर्विस सेंटर (कियोस्क), आटा चक्की सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी। महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। समूह सदस्य बबीता राठौर ने बताया कि उन्होंने समूह से ऋण लेकर स्वयं का स्कूल वाहन खरीदा है, जिसका सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं। इस आय के आधार पर वे अब लखपति दीदी श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। वहीं टेराकोटा शिल्पकार भागूबाई ने मिट्टी के बर्तनों एवं कुल्हड़ों के निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि उनके उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है। संवाद के दौरान महिलाओं ने ग्राम में पेयजल समस्या का विषय भी कलेक्टर के समक्ष रखा। इस पर कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने संबंधित विभाग के माध्यम से समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। समर्थ किसान प्रोड्यूसर कंपनी का अवलोकन इसके पूर्व कलेक्टर ने समर्थ किसान प्रोड्यूसर कंपनी का अवलोकन कर कंपनी की गतिविधियों एवं भावी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया तथा कंपनी के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना, युवा सलाहकार मंगेश कुमार, ब्लॉक मिशन प्रबंधक रिजवान खान, समर्थ किसान प्रोड्यूसर कंपनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं समूह की महिलाएं उपस्थित थीं। |