|
|
नीमच। जिला पुलिस द्वारा मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के नेतृत्व में आयोजित शिविर में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों का प्रभावी समाधान करना था। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 13 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। जनसुनवाई के दौरान लगभग 51 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के समक्ष पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य जनसमस्याओं पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा थाना स्तर पर भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जाएं। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे। |