|
|
युवा उद्यमी ईश्वर राठौर की सराहना- कहा "स्वयं सहायता समूहों के लिए प्रेरणा आगर मालवा : कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने मंगलवार को विकासखंड आगर के ग्राम खजूरी कानड़ पहुंचकर युवा उ़द्यमी श्री ईश्वर राठौर द्वारा संचालित मधुमक्खी पालन इकाई एवं कैंडी निर्माण उद्योग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उद्यमी श्री राठौर से मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक प्रक्रिया, शहद उत्पादन, विपणन, कैंडी निर्माण की लागत, स्थापित मशीनरी, केंडी निर्माण की प्रक्रिया तथा उत्पादित कैंडी के विक्रय के लिए उपलब्धल बाजार एवं हो रहे लाभ आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। श्रीमती यादव ने मधुमक्खी पालन के साथ-साथ वैल्यू एडिशन कर कैंडी निर्माण उद्योग सफलतापूर्वक संचालित कर लाभ अर्जित करने पर युवा उद्यमी श्री राठौर की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री ईश्वर राठौर जैसे युवा उद्यमी जिले के अन्य युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। मधुमक्खी पालन जैसी कम लागत वाली कृषि आधारित गतिविधि से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। कलेक्टर ने उद्यानिकी एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सफल उद्यमियों के मॉडल को जिले भर में प्रदर्शित कर अधिक से अधिक किसानों एवं युवाओं को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराए। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री जगदीश चंद्र मालवीय एवं अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे। |