|
|
दादा-दादी और पौत्र की खेत पर बनी झोपड़ी में सोते समय गई जान सिंगोली /समीपवर्ती कनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम लूणखंदा में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दादा, दादी और उनका पौत्र शामिल हैं। तीनों फसल की रखवाली के लिए खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। कनेरा थाना के एएसआई महेंद्र ने बताया कि ग्राम लूणखंदा निवासी बद्रीलाल भील, उनकी पत्नी चंद्रीबाई भील तथा पौत्र विशाल भील सोमवार रात गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपुरा–सुखानंदजी मार्ग स्थित अपने खेत पर बनी झोपड़ी में रुके हुए थे। रात में तेज बारिश और बादलों की गर्जना के बीच अचानक आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि बद्रीलाल और उनका पुत्र खेत पर अलग-अलग झोपड़ियों में ठहरे हुए थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर पास की झोपड़ी में सो रहे पुत्र और बहू मौके पर पहुंचे। झोपड़ी के अंदर देखा तो तीनों अचेत पड़े थे और उनके शरीर से धुआं निकल रहा था। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की सहायता से तीनों को तत्काल कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कनेरा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया तथा बाद में परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हृदयविदारक घटना पूरे क्षेत्र में शोक का विषय बनी हुई है। इस दर्द नाक घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पूर्व का बिना मंत्री क्षेत्रीय विधायक श्री श्री चंद कृपलानी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लूणखदा गांव पहुंचे एवं साथ आए एसडीएम एवं क्षेत्र के अधिकारियों से तुरंत आर्थिक सहायता के प्रकरण बनाकर राहत दिलाने के निर्देश दिए गए । श्री कृपलानी ने ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान खेतों में बनी अस्थायी झोपड़ियों में रुकने के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |