रतलाम / सैलाना । आदिवासी किसानों ग्रामीणों और आमजन से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी द्वारा 24 जून को जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में आयोजित इस महा रैली के तहत जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा एवं हजारों कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि सरपंच एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी रतलाम पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे तथा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
इस संबंध में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे। उन्होंने सभी सामाजिक धार्मिक एवं जनसंगठनों से खुलकर आंदोलन में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी किसानों के साथ खाद-बीज की खरीदी में अधिकारियों की कथित मिलीभगत से हो रही लूट और ठगी, वन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा किसानों के साथ कथित दमनात्मक व्यवहार ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की समस्या तथा जर्जर सड़कों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर यह जनआंदोलन किया जा रहा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने बताया कि यह आंदोलन केवल किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं बल्कि आदिवासी समाज किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है। वर्षों से लंबित समस्याओं और प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ जनता अब सड़क पर उतरने को मजबूर हुई है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने जिले के सभी सामाजिक संगठनों किसान संगठनों युवा साथियों महिला समूहों जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन का नहीं बल्कि जनता के अधिकारों और सम्मान का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक जनभागीदारी होगी उतनी ही मजबूती से जनता की आवाज प्रशासन तक पहुंचेगी।
कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन होंगे शामिल
आंदोलन में विधायक कमलेश्वर डोडियार के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष रमेश खराड़ी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चन्दू मईड़ा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेश मईड़ा जिला पंचायत सदस्य शरद कुमार डोडियार सहित अनेक जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
इसके अलावा जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सामाजिक संगठन, युवा संगठन, किसान संगठन तथा आदिवासी समाज के प्रतिनिधि विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या आंदोलन में अपना समर्थन देंगे अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।
मेडिकल कॉलेज होगा आंदोलन का मुख्य मिलन स्थल
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा ने बताया कि आंदोलन के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया गया है। रावटी, शिवगढ़, सरवन तथा रतलाम ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले सभी वाहन रिंग रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में एकत्रित होंगे। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ता एवं वाहन एक विशाल रैली के रूप में अम्बेडकर चौराहा होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे, जहां घेराव एवं ज्ञापन प्रदर्शन किया जाएगा।
विधायक का तीखा प्रहार
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने बताया कि आदिवासी अंचल के किसान खाद एवं बीज की खरीदी के दौरान अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण लूट और ठगी का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा वन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा आदिवासी किसानों के साथ दमनात्मक और आतंकित करने वाला व्यवहार किया जा रहा है जिससे क्षेत्र में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग का नहीं बल्कि किसानों आदिवासियों मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने जिले के सभी सामाजिक संगठनों युवाओं महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर जनता की आवाज को मजबूत करने का आह्वान किया है।
प्रशासन को सौंपा जाएगा मांगों का ज्ञापन
कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में किसानों, आदिवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की जांच कर जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई जाएगी।
24 जून पर टिकी जिले की नजरें
भारत आदिवासी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। 24 जून को रतलाम में होने वाला यह प्रदर्शन जिले के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक माना जा रहा है जिस पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत