रतलाम / सैलाना। नगर के बस स्टैंड चौड़ीकरण को लेकर सैलाना में व्यापारी वर्ग खुलकर मैदान में उतर आया है। रविवार शाम ओशिन परिसर में आयोजित व्यापारी मिलन समारोह में 200 से अधिक व्यापारियों ने एकजुट होकर नगर परिषद की प्रस्तावित कार्यवाही का समर्थन किया और जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए अवरोध पर कड़ी नाराजगी जताई। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि बस स्टैंड चौड़ीकरण नगर के भविष्य और विकास से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए प्रशासन को इसे राजनीतिक या विवादित विषय की बजाय विकास के नजरिए से देखते हुए तत्काल लगी रोक हटानी चाहिए।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि जिला प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो उन्हें मजबूर होकर व्यापक जनआंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
तीन माह पहले नगर परिषद ने बनाई थी योजना
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सैलाना ने करीब तीन माह पूर्व नगर विकास को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड चौड़ीकरण का प्रस्ताव पारित किया था। योजना के तहत 15 दुकानों का पुनर्व्यवस्थित निर्माण किया जाना था। प्रभावित दुकानदारों को पहले अस्थायी रूप से दुकानें हटानी थीं और बाद में निर्माण पूरा होने पर उन्हीं दुकानदारों को लागत मूल्य पर दुकानें पुनः आवंटित की जानी थीं।
सूत्रों के अनुसार, प्रभावित दुकानदारों में से लगभग आधे इस योजना से सहमत होकर अपनी दुकानें खाली कर नगर परिषद को सौंप चुके हैं। वहीं सात दुकानदारों ने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय द्वारा दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद नवीन निर्माण कार्य के लिए अनुमति भी प्रदान कर दी गई। इसके बावजूद जिला प्रशासन की रोक के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई है।
व्यापारियों ने जताई भविष्य की चिंता
व्यापारियों का कहना है कि सैलाना की बढ़ती आबादी, यातायात के बढ़ते दबाव और बसों की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण वर्तमान बस स्टैंड की क्षमता कम पड़ने लगी है। यदि समय रहते चौड़ीकरण नहीं हुआ तो भविष्य में बस स्टैंड को बायपास क्षेत्र में स्थानांतरित करने की नौबत आ सकती है, जिससे वर्तमान बस स्टैंड और आसपास के सैकड़ों व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा।
ओशिन परिसर में आयोजित बैठक में मौजूद व्यापारियों ने जिला प्रशासन के रवैये को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि नगर के हित में शुरू की गई योजना को अनावश्यक रूप से रोकना उचित नहीं है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सैलाना का व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करेगा।
फिलहाल बस स्टैंड चौड़ीकरण का मुद्दा सैलाना में विकास बनाम प्रशासनिक रोक के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है, जहां नगर का व्यापारी वर्ग अब खुलकर नगर परिषद के समर्थन में सामने आ गया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत