रतलाम । नरेंद्र मोदी विचार मंच के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर रतलाम में श्रमवीरों का सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के योगदान को सम्मानित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नरेंद्र मोदी विचार मंच के राष्ट्रीय संयोजक रवि चाणक्य के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नरेंद्र मोदी विचार मंच एवं मिशन न्यू इंडिया के मुख्य राष्ट्रीय सलाहकार मोहनलाल (पाटीदार) मुरलीवाला ने किया। कार्यक्रम में उनके माता-पिता श्रीमती देवकुंवर बाई पाटीदार एवं रामचंद्र जी पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मोहनलाल मुरलीवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के संकल्प को जन-जन का अभियान बताते हुए सभी नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रम को सदैव यज्ञ के समान माना गया है और अपने परिश्रम समर्पण एवं पुरुषार्थ से राष्ट्र निर्माण की आधारशिला रखने वाले श्रमिक बंधुओं का सम्मान वास्तव में राष्ट्रशक्ति का सम्मान है।
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के हित में शुरू की गई ई-श्रम पोर्टल प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में यशवंत पटेल (प्रदेश अध्यक्ष सेवा प्रतिष्ठान) रक्तमित्र कचरू राठौड़ (प्रदेश महामंत्री), श्रीमती रंजना सिंह (वरिष्ठ समाजसेविका एवं नेत्री), राकेश पांचाल (पूर्व महासचिव, आईटी सेल), सुनील जोशी (जिला अध्यक्ष, सेवा प्रतिष्ठान, रतलाम), गोविंद सिंह चौहान (राष्ट्रीय महामंत्री, मजदूर महासंघ), श्रीमती कुसुम सोलंकी (महिला विंग प्रतिनिधि) सहित नरेंद्र मोदी विचार मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता हरिराम शाह ने किया।
आयोजन के दौरान श्रमवीरों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा राष्ट्र निर्माण में श्रमिक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प एवं राष्ट्रहित में सामूहिक सहभागिता के संदेश के साथ हुआ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत