रतलाम / भाटी बड़ोदिया । आज के दौर में जहां लोग जन्मदिन को केवल केक और पार्टी तक सीमित रखते हैं, वहीं जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम भाटी बड़ोदिया निवासी समाजसेवी दीपक गरवाल और उनकी DRX ग्रुप की टीम ने सेवा और मानवता का अनूठा संदेश देते हुए जन्मदिन को यादगार बना दिया।
ग्रुप के सक्रिय सदस्य मितेश आतेडिया के जन्मदिन के अवसर पर टीम ने जिला चिकित्सालय रतलाम स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान शिविर जैसा माहौल बनाया। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक गरवाल ने अपने जीवन का 18वां रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल की। उनके साथ टीम के अन्य सदस्यों ने भी रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान के बाद DRX ग्रुप के सदस्यों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल-फ्रूट वितरित कर उनका हालचाल जाना। टीम का यह मानवीय प्रयास लोगों के लिए भावुक और प्रेरणादायक साबित हुआ। इसके पश्चात सभी सदस्य सागौद स्थित अपना घर आश्रम पहुंचे, जहां आश्रम में निवासरत बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच फल एवं अन्य सामग्री का वितरण कर उनके साथ समय बिताया।
समाजसेवी दीपक गरवाल ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर चेतन, जीतू, विकास, रवि, अक्षय, बलराम, अजय, भयू, तनवीर सहित DRX ग्रुप के कई सदस्य उपस्थित रहे। टीम के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है और लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
केक काटने से कहीं बड़ा है किसी की जिंदगी बचाने का जज्बा — DRX ग्रुप ने जन्मदिन को सेवा संवेदना और मानवता का पर्व बनाकर एक मिसाल पेश की है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत