रतलाम/सैलाना। जिला कलेक्टर रतलाम द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत सैलाना अनुविभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल ने सोमवार को सैलाना अनुविभागीय कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके साथ ही उन्होंने सैलाना अनुविभाग की प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल लीं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में श्री तरुण जैन (संयुक्त कलेक्टर) सैलाना के अनुविभागीय अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें अब अनुविभागीय अधिकारी, रतलाम शहर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, जावरा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में सेवाएं दे रहे सुनील कुमार जायसवाल को सैलाना की कमान सौंपी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रशासनिक कार्यों में सुगमता, बेहतर समन्वय और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए थे। इसी क्रम में सुनील कुमार जायसवाल की नियुक्ति सैलाना एसडीएम के रूप में की गई है।
कार्यभार संभालने के बाद श्री जायसवाल ने कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग तथा आमजन की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
नए एसडीएम के पदभार ग्रहण करने से सैलाना अनुविभाग में प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्रवासियों को भी अब जनसुनवाई, राजस्व संबंधी मामलों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी प्रशासन मिलने की उम्मीद है।
प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है और माना जा रहा है कि श्री सुनील कुमार जायसवाल के अनुभव का लाभ सैलाना क्षेत्र के विकास और सुशासन को मजबूती प्रदान करने में मिलेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत