रतलाम / बाजना
जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाजना पुलिस ने एक बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मझोड़िया जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध शराब एवं बोलेरो वाहन जप्त कर तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना बाजना पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गोविंद डिंडोर निवासी करबल खोरा बोलेरो वाहन क्रमांक MP-43-C-2471 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर राजस्थान की ओर से मझोड़िया क्षेत्र की तरफ आ रहा है।
सूचना मिलते ही बाजना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मझोड़िया क्षेत्र में नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन चालक घबरा गया और बोलेरो को तेज गति से जंगल की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा बोलेरो वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 18 पेटी देशी प्लेन शराब के क्वार्टर बरामद हुए, जिनमें कुल 162 बल्क लीटर अवैध शराब पाई गई। पुलिस ने मौके पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शराब एवं वाहन जप्त कर लिया। जप्त मश्रुका की कुल अनुमानित कीमत ₹12 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में थाना बाजना पर अपराध क्रमांक 224/2026 धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी गोविंद पिता मनजी डिंडोर निवासी करबल खोरा की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस शराब के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया, उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, आरक्षक शंकर शिंदे, आरक्षक सन्नी मईड़ा, आरक्षक दरबार एवं साइबर सेल रतलाम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Crime reporter Jitendra Kumawat