रतलाम / आलोट
आलोट थाना क्षेत्र अंतर्गत धरोला मेले में हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। मेले में झूले के अंदर थूकने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सनसनीखेज हत्याकांड का आलोट पुलिस ने मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 3 आरोपियों एवं 2 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी श्याम सिंह सोंधिया राजपूत निवासी खामरिया ने थाना आलोट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा कृष्णपाल सिंह धरोला मेले में गया था। इसी दौरान नाव झूले में थूकने की बात को लेकर उसका विवाद कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह और उनके साथियों से हो गया था। विवाद के बाद आरोपियों ने रंजिश रखते हुए कृष्णपाल सिंह को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिला दिया।
जहरीला पदार्थ पीने के बाद कृष्णपाल की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल संजीवनी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलदीप सिंह सोंधिया (22), युवराज सिंह सोंधिया (18), गोविंद सिंह पंवार (24) निवासी मुंज सहित 2 विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त जहरीले पदार्थ और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोट निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित थाना आलोट के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत