रतलाम / सैलाना
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सैलाना में शुक्रवार को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। नवागत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गोविन्दराम दंडिग ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पूर्व बीईओ संजय नारमदेव ने उन्हें कार्यालय का चार्ज सौंपते हुए विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नए नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत बीईओ गोविन्दराम दंडिग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा हर कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग तथा शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष फोकस रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान बीआरसीसी एवं बीईओ कार्यालय के समस्त स्टाफ ने पुष्पमाला पहनाकर नवागत बीईओ का भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में शिक्षा विभाग का उत्साह और नई ऊर्जा साफ दिखाई दी। पूर्व बीईओ संजय नारमदेव ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए विभागीय गतिविधियों, योजनाओं और लंबित कार्यों की जानकारी नवागत अधिकारी को दी।
इस अवसर पर बीआरसीसी नरेंद्र कुमार पासी, दिव्यांग छात्रावास पिपलौदा के वार्डन अम्बाराम बोस, बीएसी भारती चौहान, सुनीता मोहनिया, उपासना जैन, एमआरसी प्रकाश सोलंकी, जयेश शुक्ला, माला वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने नए बीईओ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
नवागत बीईओ के आगमन से शिक्षा विभाग में नई उम्मीद और कार्यशैली को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में सैलाना विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत