|
जिले में कल 19 को चलाया जाएगा एचपीवी टीकाकरण का महाअभियान- कलेक्टर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश जिले की सभी स्वास्थ्य कार्यकताए स्वास्थ्य जांच की सही-सही रिर्पोट टीकाकरण कार्ड पर अंकित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए दिए। कलेक्टर ने कहा, कि सामान्यत: देखा जाता है, कि गर्भवती महिला के टीकाकरण कार्ड पर स्वास्थ्य पैरामीटर्स सामान्य लिखे होते है, जबकि हायर सेंटर पर जांच कराने पर महिला हायरिस्क की श्रेणी में परिलक्षित होती है। जिससे उसका उचित प्रबंधन नहीं हो पाता । जरूरी है, कि ए.एन.एम. समय पर सही जांच कर, टीकाकरण कार्ड पर अंकित करें। इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता के खिलाफ सख्त दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में श्री चंद्रा ने प्रसव पूर्व जांच, प्रसव के दौरान 4 जांच, हाईरिस्क गर्भवती महिला का चिंहाकन एवं उनका प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले सेक्टर मेडिकल आफिसर एवं सेक्टर सुपरवाईजर को नोटिस जारी करने एवं अच्छा कार्य करने वाले सेक्टर मेडिकल आफिसर एवं सेक्टर सुपरवाईजर को प्रशंसा पत्र जारी करने के निर्देश दिए है। बैठक में समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। नोडल अधिकारियों को 31 मार्च 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की गई। जिले की प्रगति 20 प्रतिशत से कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया, कि आगामी दिवसों में वृहद स्तर पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन कर, प्रगति बढाए। इसके लिए गुरूवार को सम्पूर्ण जिले में टीकाकरण का महाअभियान आयोजित करने के निर्देश प्रदान दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ.महेन्द्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.मनीष यादव, डब्ल्यूएचओ के डॉ.ऋषभ बजाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम.मांगरियाउपस्थित थे। |