|
नीमच: विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की नियमित परीक्षा में स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच की छात्रा डॉ. विनीता वर्मा (सुपुत्री भगत वर्मा) ने एम.कॉम परीक्षा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उत्तीर्ण कर उज्जैन संभाग का नाम गौरवान्वित किया है। विश्वविद्यालय की प्राविण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 17 मार्च को आयोजित 30वें दीक्षांत समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह समारोह उज्जैन स्थित माधव ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। दीक्षांत समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलपति अर्पण भारद्वाज सहित अन्य अतिथियों के करकमलों द्वारा डॉ. विनीता वर्मा को स्वर्ण पदक एवं एम.कॉम की डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। |