|
नीमच। नाबालिगों की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नीमच केंट को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपहृत 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। घटना का विवरण: फरियादी अर्जुन पिता बनवारीलाल भील निवासी ग्वालटोली, नीमच ने 6 फरवरी 2026 को थाना नीमच केंट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 2 फरवरी की शाम से घर से लापता है। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारी में तलाश करने के बावजूद बालिका का कोई सुराग नहीं मिला। आशंका जताई गई कि अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता: विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद ली। अंततः 17 मार्च 2026 को नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इनकी रही अहम भूमिका: इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक भगवत सिंह तंवर, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे (सायबर सेल) सहित थाना नीमच केंट एवं सायबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की तत्परता और समन्वित प्रयासों से एक और नाबालिग सुरक्षित घर लौट सकी, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। |