रतलाम। शहर के रत्नेश्वर रोड स्थित गली नंबर 3 और गली नंबर 4 में संचालित सेव एवं नमकीन निर्माण कारखाने से निकलने वाला बदबूदार धुआं आसपास के रहवासियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। घरों के ठीक सामने संचालित कारखाने से प्रतिदिन निकलने वाला दुर्गंधयुक्त धुआं आसपास के मकानों में प्रवेश कर रहा है। हालात यह हैं कि लोगों का घरों में रहना, भोजन करना और खिड़की-दरवाजे खोलना तक मुश्किल होता जा रहा है। क्षेत्र के रहवासियों ने इस समस्या को लेकर अब सामूहिक रूप से आवाज उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रहवासियों का कहना है कि कारखाने में सेव एवं नमकीन निर्माण के दौरान निकलने वाला धुआं पूरे मोहल्ले में फैल जाता है। इसकी तीखी दुर्गंध से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। लगातार धुएं के संपर्क में रहने से खांसी, गले में जलन, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ जैसी स्वास्थ्य संबंधी आशंकाएं भी बनी हुई हैं। अस्थमा एवं सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए ऐसी स्थिति और अधिक परेशानी पैदा कर सकती है।
दो महीने पहले भी की थी शिकायत, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचे रहवासी
इस मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि रहवासी समस्या को लेकर पहले भी जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। करीब दो महीने पहले स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके अलावा मोहल्लेवासियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद रहवासियों के अनुसार समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो पाया है। अब एक बार फिर सामूहिक जनहित शिकायत के माध्यम से प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
रोजगार का विरोध नहीं, स्वच्छ हवा में जीने का अधिकार चाहिए
रहवासियों ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी के रोजगार या व्यवसाय को बंद करवाना नहीं है, बल्कि व्यवसाय के साथ आम नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग कारखाने का तत्काल निरीक्षण करे, धुएं और वायु प्रदूषण के स्तर की जांच कराए तथा प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों के पालन की पुष्टि करे।
साथ ही कारखाने में आवश्यक चिमनी, फिल्टर, स्क्रबर एवं अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि रहवासी क्षेत्र में इस प्रकार का कारखाना संचालित करना नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार स्थानांतरण सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि दो महीने पहले शिकायत और सीएम हेल्पलाइन पर गुहार लगाने के बावजूद रहवासियों को राहत क्यों नहीं मिली? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या का इंतजार कर रहे हैं? रत्नेश्वर रोड की गली नंबर 3 और 4 के रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या मानते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मोहल्ले के लोगों को दुर्गंध और धुएं से राहत मिल सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत