रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए रतलाम पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना बरखेड़ा कला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एनडीपीएस एक्ट के गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश से सैकड़ों किलोमीटर दूर हरियाणा के हिसार जिले में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराध के बाद दूसरे प्रदेश में जाकर छिपने वाले आरोपियों तक भी पुलिस की पहुंच बनी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला श्री पतिराम डावरे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम को थाना बरखेड़ा कला के अपराध क्रमांक 90/2026, धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पूर्व से फरार चल रहे आरोपी जोगीन्द्र उर्फ रिंकु पिता अजीत सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी गांव पातन, तहसील एवं जिला हिसार (हरियाणा) की तलाश थी। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अपने गृह क्षेत्र हरियाणा में रह रहा था।
इसी दौरान दिनांक 01 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से आरोपी के गांव पातन में उसके घर पर मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी पतिराम डावरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल हरियाणा पहुंचकर आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे, उपनिरीक्षक हरिसिंह बडेरा, उपनिरीक्षक मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, आरक्षक प्रितम लोहार, आरक्षक अरविन्द, आरक्षक मुकेश, आरक्षक विशाल, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, आरक्षक अनिल रावत, आरक्षक शकील एवं साइबर सेल रतलाम की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत