उज्जैन। शहर में अपना व्यवसाय शुरू करने अथवा व्यावसायिक संपत्ति में निवेश करने की इच्छा रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। नगर पालिक निगम उज्जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 47 स्थित अलखधाम नगर में निर्मित श्री मंशापूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की शेष 54 दुकानों एवं ऑफिसों के विक्रय की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए नगर निगम ने ई-निविदा आमंत्रित की है। इच्छुक कारोबारी और निवेशक 4 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन निविदा प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
इस बार इस व्यावसायिक परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका फ्री होल्ड आधार पर विक्रय होना है। यानी इच्छुक खरीदारों को दुकान और ऑफिस का स्वामित्व फ्री होल्ड आधार पर मिलेगा। इसके साथ ही नगर निगम ने खरीदारों की आर्थिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल भी की है। पहली बार दुकान अथवा ऑफिस खरीदने के लिए बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उन लोगों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है जो बैंक से ऋण लेकर अपना व्यावसायिक प्रतिष्ठान खरीदना चाहते हैं।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
श्री मंशापूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को आधुनिक व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। परिसर में बेसमेंट पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए दो लिफ्ट लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वहीं आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक फायर सेफ्टी व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। इन सुविधाओं के चलते यहां दुकान या ऑफिस खरीदने वाले लोगों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल सिग्नेचर के बिना नहीं होगी निविदा प्रक्रिया
नगर निगम ने इच्छुक आवेदकों को विशेष रूप से आगाह किया है कि ई-निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए डिजिटल सिग्नेचर अनिवार्य है। डिजिटल सिग्नेचर को एक्टिवेट होने में लगभग एक दिन का समय लग सकता है। ऐसे में अंतिम तारीख का इंतजार करना आवेदकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। निगम ने सभी इच्छुक लोगों से समय रहते डिजिटल सिग्नेचर तैयार करवाकर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
निर्माण स्थल पर पहुंचकर जानकारी ले रहे संभावित खरीदार
नगर निगम के अनुसार श्री मंशापूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर संभावित खरीदारों में लगातार रुचि देखी जा रही है। कई लोग नगर निगम कार्यालय के साथ ही अलखधाम नगर स्थित निर्माण स्थल पर पहुंचकर दुकानों और ऑफिसों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। अब 54 शेष व्यावसायिक इकाइयों के विक्रय के लिए ई-निविदा प्रक्रिया शुरू होने से कारोबारियों और निवेशकों के सामने एक और अवसर उपलब्ध हुआ है।
ऐसे करें आवेदन: इच्छुक आवेदक मध्यप्रदेश शासन के ई-टेंडर पोर्टल mptenders.gov.in पर ऑनलाइन निविदा प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 4 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। नगर निगम ने आवेदकों से अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए जल्द आवेदन करने की अपील की है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत