भोपाल/रतलाम। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराजसिंह चौहान की माताजी के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दुःखद अवसर पर सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार भी शोक संवेदनाएं व्यक्त करने भोपाल पहुंचे। उन्होंने शिवराजसिंह चौहान के निवास पर पहुंचकर दिवंगत माताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने दिवंगत माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं उनके परिजनों से मुलाकात की और इस कठिन समय में परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं। डोडियार ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक डोडियार ने कहा कि मां केवल परिवार का आधार ही नहीं होती, बल्कि वह संतान के जीवन की पहली गुरु और सबसे बड़ी मार्गदर्शक होती है। मां का स्नेह, त्याग, आशीर्वाद और संस्कार जीवनभर संतान के साथ रहते हैं। मां का दुनिया से चले जाना ऐसा व्यक्तिगत आघात है, जिसकी भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि मातृवियोग का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहना और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना ही सच्ची मानवीय संवेदना है।
सैलाना विधायक की इस भोपाल यात्रा को राजनीतिक औपचारिकता से आगे बढ़कर एक मानवीय संवेदना के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल चौहान परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत