|
प्रतिदिन 65 से अधिक अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री निष्पादन पर की सराहना आगर-मालवा - प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों, कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक में स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री निष्पादन कार्य की जिलेवार विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर-मालवा जिले के पटवारी श्री कमलेश कारपेंटर द्वारा प्रतिदिन 65 से अधिक अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री के निष्पादन कार्य की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले पटवारियों से अन्य पटवारियों को भी प्रेरणा लेकर स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री निष्पादन की कार्यवाही में तेजी लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री का कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इस कार्य को तत्परतापूर्वक विशेष अभियान चलाकर राजस्व अमले द्वारा समय-सीमा में पूर्ण करवाया जाना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री के कार्य में अच्छी प्रगति लाने वाले पटवारियों एवं राजस्व अमले की प्रशंसा की। उन्होंने श्री कमलेश कारपेंटर जैसे निष्ठावान पटवारी की सराहना करते हुए अन्य पटवारियों से भी उनसे प्रेरणा लेकर उक्त कार्य समय-सीमा में संपादित करने का आव्हान किया। उल्लेखनीय है कि पटवारी श्री कमलेश कारपेंटर द्वारा प्रतिदिन अपने हल्के के लगभग 65 से अधिक अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री का निष्पादन किया जा रहा है। |