आगर-मालवा - कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना गुरुवार को सुसनेर विकासखण्ड के पीएम श्री विद्यालय श्यामपुरा के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान वे सीधे कक्षाओं में गए, विद्यार्थियों के बीच बैठे और उनसे आत्मीय संवाद किया।
कलेक्टर डॉ. मीना ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, नियमित कक्षाओं, शिक्षकों की उपलब्धता एवं विद्यालय में बालक बालिकाओं के लिए अलग से सुविधा घर की व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वे विद्यालय कितनी दूरी से आते हैं और किस साधन से आते हैं। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को सुनकर उनका समाधान भी किया।
कलेक्टर ने विद्यालय की भौतिक साइंस लैब का अवलोकन कर उपकरणों एवं प्रयोग सामग्री की उपलब्धता देखी।
उल्लेखनीय है कि पीएम श्री विद्यालय श्यामपुरा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लगभग 650 छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधा मिल रही है। कलेक्टर डॉ. मीना ने प्राचार्य एवं शिक्षकों को निर्देश दिये कि निर्धारित पाठ्यक्रम एवं समय-सारणी के अनुसार अध्यापन कार्य सुनिश्चित किया जाये, ताकि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री जगदीश चंद्र मालवीय जिला शिक्षा अधिकारी श्री नितेश दुबे, जनपद सीईओ श्री अभिषेक यादव सहित अन्य अधिकारी, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।