रतलाम। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतलाम पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना माणकचौक पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमडीएमए (MDMA) जैसे प्रतिबंधित एवं महंगे सिंथेटिक मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 09 ग्राम एमडीएमए, घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त किए गए मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख 40 हजार बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शाहीद उर्फ कालिया पिता साबिर खान (26 वर्ष), निवासी काजी हाउस के पास, काजीपुरा, रतलाम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 09 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 ZH 6633 तथा Nothing कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए 09 ग्राम एमडीएमए की अनुमानित कीमत लगभग ₹90 हजार, मोटरसाइकिल की कीमत लगभग ₹40 हजार तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब ₹10 हजार है। इस प्रकार कुल ₹1.40 लाख मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एमडीएमए की खेप उसे कहाँ से मिली, इसका सप्लायर कौन है तथा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की संभावना है और पूरे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उप निरीक्षक शांतिलाल चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोरचन्द परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक राजेश मईडा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, आरक्षक हेमन्त यादव, आरक्षक महेश मईडा, आरक्षक विशाल सेन, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा, आरक्षक पंकज कुमार, आरक्षक सुरेन्द्र, आरक्षक संदीप शर्मा, आरक्षक अशोक सीनम, महिला आरक्षक प्रवीणा एवं महिला आरक्षक मेघा राणा की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत