|
|
आगर मालवा : कलेक्टर डॉं. शेर सिंह मीना ने बुधवार को ग्राम तनोडिया के भ्रमण के दौरान शासकीय पशु औषधालय तनोड़िया का निरीक्षण कर पशुओं के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पशु चिकित्सक एवं वी.एफ.ओ. से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं, दवाईयों, ओपीडी में आने वाले पशुपालकों की व्यवस्था, पदस्थ स्टाफ आदि के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने हर घर नल से जल प्रदाय कार्य का लिया जायजा कलेक्टर ने ग्राम तनोडिया के भ्रमण के दौरान जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल जल, समूह जलप्रदाय योजना की प्रगति के बारे में अधिकारियों से चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने जल प्रदाय की स्थिति, घरों में नल कनेक्शन, पेयजल टंकी निर्माण की स्थिति, पेयजल टंकियों से जल आपूर्ति व्यवस्था आदि के बारे में भी चर्चा की। कलेक्टर डॉ. मीना ने निर्देश दिए कि इस योजना के तहत हर घर में नल कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाए। प्रत्येक घर, मोहल्ले तक अच्छे प्रेशर से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, कोई भी घर नल कनेक्शन से वंचित न रहे। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोके, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री जगदीश चंद्र मालवीय, जनपद सीईओ श्री कमल मंडलोई सहित जल निगम व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे। |