|
|
आगर मुक्तिधाम के समीप निर्माणाधीन फायर स्टेशन का किया निरीक्षण आगर मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को आगर में मुक्तिधाम के समीप निर्माणाधीन नवीन फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए कि जिले में शासकीय भूमियों के संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी पटवारियों को अपने-अपने हल्का क्षेत्र में शासकीय सर्वे नंबरों का मौके पर निरीक्षण कर दो दिवस के भीतर अतिक्रमण पंजी अपडेट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे अतिक्रमण पंजी में दर्ज कर संबंधित अतिक्रामक को नियमानुसार नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुक्तिधाम एवं उसके आसपास उपलब्ध शासकीय भूमि के नक्शों का भी अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को फायर स्टेशन के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्वक निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ, श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोके, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री जगदीश चन्द्र मालवीय एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कुशाल सिंह डोडवे उपस्थित थे। |