|
|
बोले— मन लगाकर पढ़ो, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और विद्यालय का नाम रोशन करो आगर-मालवा । कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को विकासखंड आगर के ग्राम तनोडिया स्थित प्राथमिक विद्यालय नई आबादी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर कक्षा चौथी में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र आमीन से 8 का पहाड़ा और छात्रा काजल से 15 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दोनों विद्यार्थियों ने बिना रुके सही पहाड़े सुनाकर कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों को प्रभावित किया। इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 11वीं कला, 12वीं कला एवं 11वीं विज्ञान संकाय का निरीक्षण किया। विज्ञान संकाय की छात्राओं से उन्होंने केमिस्ट्री तथा न्यूट्रॉन-प्रोटॉन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर मिलने पर उन्होंने छात्राओं की सराहना की। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. मीना ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय, परिवार और गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से किए गए पौधारोपण, सीमेंट-कंक्रीट निर्माण, स्वच्छ परिसर और विद्यार्थियों के लिए की गई बेंच व्यवस्था की प्रशंसा की। वहीं विद्यालय परिसर के समीप अवैध अतिक्रमण कर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव एवं तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, एसडीएम मिलिंद ढोके, सहायक संचालक जनसंपर्क जगदीश चंद्र मालवीय, जनपद सीईओ कमल मंडलोई, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |