|
|
कलेक्टर के निर्देश पर दिव्यांग छात्र को मिली व्हीलचेयर, प्रवेश का भी खुला रास्ता आगर मालवा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय विभाग से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जनसुनवाई में उज्जैन जिले के लसुल्डियां गोयल निवासी गज्जू सिंह ने बताया कि उनके दिव्यांग पुत्र विजयपाल को सुदवास हाई स्कूल में कक्षा 9वीं में प्रवेश देने से मना कर दिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. मीना ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को तत्काल प्राचार्य से चर्चा कर विजयपाल का प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दिव्यांग छात्र को शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। इसी प्रकार सुसनेर विकासखंड के कवराखेड़ी गांव की ममता डाबी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद पर नियुक्ति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को निर्देश दिए कि द्वितीय वरीयता वाले अभ्यर्थी के लिखित बयान लेकर समिति के माध्यम से आपत्ति का विधिवत निराकरण किया जाए तथा प्रथम वरीयता की पात्र अभ्यर्थी को नियमानुसार नियुक्ति प्रदान की जाए। अरनिया आगर निवासी प्रेम सिंह ने अपनी निजी भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा कर वायर फेंसिंग किए जाने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार आगर को राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर सीमांकन कराने और आवेदक को उसकी भूमि का कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भीमपुरा निवासी दिव्यांग छात्र संदीप ने व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने तत्काल जनसुनवाई कक्ष में ही संदीप को निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। व्हीलचेयर मिलने पर संदीप और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। जनसुनवाई में लालाखेड़ी, ढोटी, कलारिया, बनोटीकला, सेमली, लोहारिया, पालड़ा, अरनिया, गरबड़ा, सुसनेर, तनोडिया, ठीकरिया, उमरिया, बाजना सहित जिले के विभिन्न गांवों से कुल 129 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। |