|
|
आगर मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी जनविश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2026 से होगी। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिले में अभियान के अंतर्गत 19 स्थानों पर जनविश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर के लिए एक जिला स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा एक अधिकारी को शिविर प्रभारी नियुक्त किया गया है। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रथम जनविश्वास शिविर 7 अगस्त को ग्राम पंचायत तनोडिया में आयोजित होगा। इस शिविर के लिए जिला योजना अधिकारी पी.एस. मालवीय को नोडल अधिकारी तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पुरुषोत्तम पाटीदार को शिविर प्रभारी बनाया गया है। इसके बाद 14 अगस्त को गंगापुर क्लस्टर, 21 अगस्त को डोंगरगांव क्लस्टर सहित चरणबद्ध तरीके से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत हिरणखेड़ी, बड़गांव, बापचा, नलखेड़ा, मोदी, गुराड़िया बड़ोद, लालूखेड़ी, भ्याना, मैना, पचलाना, सुदवास, आगर, बड़ोद, सोयतकलां और सुसनेर में भी निर्धारित तिथियों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का मौके पर निराकरण करेंगे। संबंधित जनपद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित जनविश्वास शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। |